Sat. Nov 7th, 2026

नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो छात्रों की मौत, मासी के यहां आए थे दोनों युवक

चौखुटिया/रानीखेत : सोमनाथेश्वर महादेव मंदिर के पास रामगंगा नदी में नहाते समय डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। इससे दो परिवारों के चिराग बुझ गए। दोनों छात्र घूमने के बहाने अपनी रिश्तेदारी में मासी आए थे।

घटना मंगलवार सुबह दस बजे के आसपास की है। महाकालेश्वर क्षेत्र के अखोडिय़ा गांव निवासी शोबन सिंह का बेटा अर्जुन सिंह (18) अपने साथी योगेंद्र सिंह (17) पुत्र रतन सिंह के साथ अपनी ताई से मिलने मासी आए थे। जो कुछ देर रुकने के बाद भूमियां देवता मंदिर चले गए। वहां दर्शन कर दोनों कुछ दूर स्थित सोमनाथेश्वर मंदिर के पास रामगंगा नदी में नहाने चले गए।

योगेंद्र व अर्जुन कपड़े उतारने के बाद नदी में नहाने लगे। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में चल गए लेकिन तैरना न आने की वजह से दोनों डूब गए। उन्हें डूबते देख नदी किनारे बैठे उनके साथ आए बच्चे ने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा कुछ तैराक नदी में खोजबीन में जुट गए। करीब एक-डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया, लेकिन काफी देर हो जाने के कारण उनकी सांसें थम चुकी थी। आधे घंटे बाद एसओ रमेश बोहरा व चौकी प्रभारी भूपाल राम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के बाद शवों को कब्जे में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *