Sun. May 31st, 2026

शनिवार रहा हादसों का दिन, अलग-अलग दुर्घटनाओं में नौ की मौत

राज्य में शनिवार को अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों में मातम पसर गया। हादसों के बाद अस्पतालों व गांवों में चीख-पुकार का माहौल रहा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में हुए सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई घायल हो गए। पुलिस, एसडीआरएफ व प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

उत्तरकाशी में कार खाई में गिरी, दो की हुई मौत, तीन घायल

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन घायल हो गए। हादसा हेलगुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे गंगनानी की ओर हुआ, जब गंगोत्री से उत्तरकाशी आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। घायलों को तीन एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र और दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों में विमल कुमार ( 61) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा, उपासना (54) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा और वाहन चालक यशवीर (35) निवासी पंजाब शामिल हैं।

रुद्रप्रयाग: ऊखीमठ तोड़ीधार-पैलिंग मार्ग पर हादसा, महिला समेत तीन की मौत, दो घायल

ऊखीमठ के तोड़ीधार-पैलिंग मोटर मार्ग पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों को तत्काल अगस्त्यमुनि स्थित नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस के अनुसार वाहन सड़क से करीब 50 फीट नीचे गिरकर एक पेड़ पर अटक गया था। हादसे में महेन्द्र सिंह (68), अंजन सिंह (42) और संगीता देवी (32) की मौत हो गई। वहीं, रेशमा देवी, दक्षित (5), सान्वी (3), विहान (8) और वैभव (10) घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल उथिंड गांव के निवासी हैं।

चमोली में अनियंत्रित कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, तीन घायल

शनिवार सुबह करीब चार बजे लोहाजंग सड़क पर ल्वाणी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें बांक गांव के एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक छह वर्षीय बच्चा समेत तीन अन्य घायल हो गए। सभी लोग गांव में अपने परिजन की मौत पर अंत्येष्टि में शामिल होने देहरादून से गांव आ रहे थे। विकासखंड के बांक गांव के बुजुर्ग भजन सिंह की बीमारी का उपचार देहरादून में चल रहा था। गांव के खुशाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शाम को भजन सिंह का निधन हो गया। उनके परिवारजन भजन का शव एंबुलेंस में और खुद दो कारों में सवार होकर बांक गांव के लिए आ रहे थे। शव लेकर आ रही एंबुलेंस देर रात एक बजे गांव पहुंची, लेकिन ऋषिकेश में लगे जाम के कारण साथ में चल रहे बलबीर सिंह शनिवार को छह लोगों के साथ करीब चार बजे सुबह ल्वाणी के पास पहुंचे, यहां उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ मीटर खाई में गिरी। जिसमें बांक गांव के एक ही परिवार के बलवीर सिंह पुत्र नारायण सिंह (50), शांति देवी पत्नी बलवीर सिंह (38), आशीष पुत्र बलवीर सिंह (19) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, इसी गांव के कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह (28), रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह (19) , मयंक पुत्र खुशाल सिंह (6) पर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस व प्राइवेट वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। यहां तीनों घायलों का उपचार के बाद एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। घायलों को लेने एयर एंबुलेंस व एम्स मेडिकल टीम करीब 10:45 में संगम मैदान पहुंची, एम्स की मेडिकल टीम ने करीब 15 मिनट उपचार के बाद घायलों को एम्स ले गए। वहीं, तीनों मृतकों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में पोस्ट मार्टम कर शव को परिजनों का सौंप दिया गया। तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, जिपंस उर्मिला बिष्ट, डीडी कुनियाल, महावीर बिष्ट , इंद्र सिंह राणा, डॉ कृपाल भंडारी, त्रिलोक बिष्ट आदि ने घटना पर दुख जताया है।

अल्मोड़ा में डंपर चालक की मौत

महरौली-चित्तौडखाल मोटर मार्ग पर रूडोली गांव के पास शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। सूचना के अनुसार रात्रि करीब 11:30 बजे डीसीआर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि महरोली क्षेत्र के पास एक डंपर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। बताया गया कि डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान के दौरान चालक को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की सहायता से देवायल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राकेश चन्द्र उर्फ जग्गु (28 वर्ष) पुत्र गोपाल दत्त रेखाड़ी, निवासी ग्राम बसोली, विकासखंड सल्ट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *