Tue. Jun 2nd, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: भाजपा में 46 टिकटों पर चुनाव समिति सहमत, 25 पर असमंजस

– रविवार (आज) को पार्टी हाईकमान के समक्ष पैनल रखा जाएगा। इसके बाद होने वाली पार्लियामेंट्री बोर्ड में ही प्रत्याशियों के बारे में अंतिम निर्णय होगा।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 46 उम्मीदवारों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव संचालन समिति की बैठक में सहमति बन गई है। जबकि, 24 सीटों पर असमंजस बना हुआ है। रविवार (आज) को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ दावेदारों के पैनल पर चर्चा होगी। इसके बाद 19 जनवरी को केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक के बाद प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार 46 दावेदारों के नाम जिन नामों पर समिति ने सहमति दी है। इनमें मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सभी कैबिनेट मंत्री व कुछ वरिष्ठ व युवा सिटिंग विधायक शामिल हैं।

कुछ पैनलों में उम्मीदवारों के तीन से ज्यादा नाम भी हैं। यह पैनल लेकर उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार दिल्ली गए हैं। दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ रविवार को पूरे पैनल पर शुरूआती चर्चा की जाएगी। हालांकि, 19 को केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की संभावित बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम निर्णय होगा।

सिटिंग विधायकों के कटेंगे टिकट

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में पहले चरण में 83 प्रत्याशियों की सूची जारी की, जिसमें 20 सिटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं। उत्तराखंड में भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर 15 से 20 सिटिंग विधायकों के टिकट कटने तय माने जा रहे हैं।

इन सीटों पर है असमंजस

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नानकमत्ता, काशीपुर, बाजपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, जागेश्वर, लोहाघाट, गंगोलीहाट, पिरान कलियर, झबरेड़ा, लक्सर, टिहरी, प्रतापनगर, घनसाली, गंगोत्री, यमुनोत्री, पुरोला, कर्णप्रयाग, थराली, पौड़ी व कोटद्वार विधानसभा सीट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *