Mon. Sep 14th, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: कांग्रेस के 60 से अधिक टिकट फाइनल, आज ही हो सकती है घोषणा

-5-7 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में फंसा पेच। पहली लिस्ट में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के 60 से अधिक टिकट फाइनल हो गए हैं। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद आज देर रात इनकी घोषणा होगी। वहीं, भारी मशक्कत के बाद भी कांग्रेस की पांच से सात सीटों पर पेंच फंसा हुआ है।

उत्तराखंड में भाजपा 59 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुकी है। लेकिन, कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन को लेकर शुरूआत में तेजी दिखाने के बाद पहली सूची जारी करने में पिछड़ गई है। कांग्रेस ने दिसंबर तक पहली सूची जारी करने का दावा किया था। इसके बाद जनवरी के पहले सप्ताह में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने की बात कही गई। लेकिन, अब तक सूची जारी नहीं हो पाई।

जानकारी है कि अधिकतर सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर सहमति बन चुकी है। प्रत्याशियों के चयन को लेकर गठित स्क्रीनिंग कमेटी सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का एक-एक कर इंटरव्यू लेने के बाद केंद्रीय चुनाव समिति को रिपोर्ट दे चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि अधिकतर सीटों पर सहमति बन चुकी है। पांच-सात सीटों को छोड़कर अन्य सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *