Wed. Sep 16th, 2026

विनोद चमोली बनाए गए भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, किसने जारी करवाया लेटर

शब्द रथ न्यूज ब्यूरो, (shabd rath news)। धर्मपुर विधानसभा सीट पर कार्यकर्ताओं का आक्रोश झेल रहे विधायक विनोद चमोली को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने का लेटर सोशल मीडिया में घूम रहा है। जबकि, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने इस तरह की नियुक्ति होने से इंकार किया है।

विनोद चमोली को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का फर्जी लेटर किसने वायरल किया, यह बड़ा गंभीर विषय है। पार्टी स्तर पर उसकी जांच होनी चाहिए। दरअसल, चर्चा है कि भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने आगामी विधानसभा चुनाव लडने की इच्छा हाईकमान से जताई है। ऐसे में वह प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहेंगे यानी नया अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए पार्टी में जिन नामों पर चर्चा की बात की जा रही है, उनमें चमोली का नाम भी उछल रहा था या जबरन उछाला जा रहा था।

चमोली के नाम का लेटर यूं अचानक तो जारी नहीं हुआ होगा। यह गहरी साजिश यानी कुर्सी हथियाने की चाल भी हो सकती है। वर्तमान में विनोद चमोली के खिलाफ उनकी विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ता ही मोर्चा खोले हुए हैं। गत दिनों उनके घर के बाहर लोगों ने धरना तक दिया था। विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में भी कार्यकर्ता अब उन्हें नहीं बुलाते हैं। ऐसे में हो सकता है कि इन बातों से ध्यान हटाने के लिए यह फर्जी लेटर जारी करवाया गया हो। यह भी हो सकता है कि हाई कमान की नजरों में आने लिए लेटर जारी करवाया गया हो।

चमोली यह अच्छी तरह जान चुके हैं कि उन्हें इस बार विधानसभा का टिकिट नहीं मिलेगा। ऐसे में वह प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। दिल्ली में अनिल बलूनी से भी वह मिल चुके हैं। लेकिन, जिस अंदाज में उन्होंने बलूनी से बात की, उससे यह तो तय है कि बलूनी उनके नाम की सिफारिश कतई नहीं करेंगे।

भाजपा व आरएसएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि चमोली ने मेयर का टिकिट पाने के लिए पार्टी पर दबाव बनाने के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय में औरतों से भजन/कीर्तन (धरना) करवा दिया था। भजन/कीर्तन के ड्रामे के बाद उन्हें टिकिट भी मिल गया था। ऐसे में कार्यकर्ताओं का कहना है कि चमोली को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का लेटर भी भजन/कीर्तन वाले ड्रामे की अगली कड़ी है। सवाल यह है कि क्या फर्जी लेटर ड्रामे के बाद उनके नाम असली लेटर जारी हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *