Fri. Jul 17th, 2026

आशारानी की सीईओ पद पर 24 घंटे में वापसी, शासन में पकती खिचड़ी पर अफवाहों का बाजार गर्म

देहरादून 18 जुलाई : तबादलों को लेकर हो रही उठापटक में देहरादून की मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) आशारानी पैन्यूली भारी पड़ी। इसी का नतीजा रहा कि 24 घंटे के भीतर उनकी सीईओ के पद पर वापसी कर दी गई।
आशारानी पैन्यूली का अनिवार्य तबादलों के तहत गौचर डायट के प्राचार्य पद पर तबादला किया गया था। लेकिन, उन्होंने इसे नियम विरुद्ध बताते हुए प्राचार्य पद पर जाने से इंकार कर दिया था। उनका तर्क था कि सीईओ पर उनको मात्र 6 महीने का ही समय हुआ है। ऎसे में अनिवार्य तबादले की जद में वह नहीं आती। वह सीईओ देहरादून के पद पर काम करती रही। लेकिन, बुधवार को उनके तबादले के मामले में नया मोड़ आ गया। शासन ने बुधवार सुबह आनन-फानन में एससीईआरटी में तैनात उप निदेशक आनंद भारद्वाज को देहरादून का मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाने के आदेश जारी कर दिए। साथ पैन्यूली को सीईओ पद से कार्य मुक्त कर दिया। लेकिन, 24 घंटे में ही शासन को अपना निर्णय बदलना पड़ गया। नए घटनाक्रम में गुरुवार सुबह आनंद भारद्वाज से मुख्य शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई और शाम होते-होते आशारानी पैन्यूली को दोबारा सीईओ पर आसीन कर दिया गया। इतना ही नहीं शासन ने प्राचार्य डायट गौचर के पद हुआ पैन्यूली का तबादला भी निरस्त कर दिया। शासन में क्या खिचड़ी पकती रहती है इसको लेकर शिक्षा विभाग में अफवाहों का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *