डीएवी पीजी कॉलेज के शिक्षकों और छात्रों ने दी कानून की जानकारी
देहरादून : डीएवी पीजी कॉलेज के विधि विभाग की और से आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में लॉ विभाग के शिक्षकों के साथ ही छात्र-छात्राओं ने लोगों को कानून की जानकारी दी।
राजीव गांधी सामुदायिक भवन तरला आमवाला में आयोजित शिविर में विधि विभागाध्यक्ष डॉ पारुल दीक्षित ने कहा कि कानून की जानकारी सभी लोगों को होनी चाहिए ताकि वह समय पड़ने पर कानून का उपयोग किया जा सके। लॉ के छात्र-छात्रा वर्तमान में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं जो कल अधिवक्ता बनेंगे। अधिवक्ता बनने के बाद उनके कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी आयेगी। जिसमें उन्हें लोगों को न्याय दिलाना है। उम्मीद है कि वह लोगों को न्याय दिलायेंगे। इस अवसर पर विधि विभाग के प्रवक्ता डॉ राजेश दुबे, डॉ विवेक कुमार, डॉ जेएस चांदपुरी, रीता पांडेय, हरप्रीत कौर ने भी छात्रों को उनका कर्तव्यबोध कराते हुए सदैव सेवा की भावना को प्रबल मानने का संदेश दिया। जागरुकता शिविर में आए ग्रामवासियों की समस्याओं पर विचार कर उन्हें उपयुक्त सलाह दी गयी। कार्यक्रम में आई महिलाओं ने महिला हितों के विषयों पर रुचि दिखाते हुए अनेक प्रश्न भी रखे। जिनका जवाब शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने दिया। शिविर में साक्षी, प्राची, शोभित, नरेंद्र शर्मा, सौरभ आदि ने प्रतिभाग किया।
