Sun. Apr 19th, 2026

भाजपा ने गुजरात में भी बदला मुख्यमंत्री, रूपाणी ने दिया इस्तीफा

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा देने के बाद रूपाणी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।

रूपाणी ने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाएंगे। राज्य में चुनाव से ठीक एक साल पहले भारतीय जनता पार्टी यहां चेहरा बदल रही है। नए मुख्यमंत्री के नामों को लेकर अटकलें चल रही हैं।

गौरतलब है कि रूपाणी और पार्टी संगठन में काफी दिनों से मतभेद था। भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष सीआर पाटिल से उनकी अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले साल ही संगठन ने रूपाणी के खिलाफ पार्टी को रिपोर्ट दी थी। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि विजय रूपाणी के नेतृत्व में सरकार की पकड़ ढीली हो रही थी।

विजय रूपाणी ने इस्तीफा देने के बाद मीडिया से कहा कि गुजरात की विकास यात्रा में मुझे जो योगदान देने का मौका मिला, उसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं। गुजरात के विकास की यात्रा नए उत्साह व नए नेतृत्व के साथ आगे बढनी चाहिए।

भाजपा की यह परंपरा रही है कि समय के साथ कार्यकर्ताओं के दायित्व बदलते रहते हैं। जो पार्टी की ओर से दायित्व दिया जाता है कार्यकर्ता उसका पालन करता है। अब मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी संगठन में काम करने की इच्छा जाहिर जताई है। जो भी मुझे दायित्व मिलेगा वह करूंगा।

2016 में पहली बार बने थे मुख्यमंत्री

हार्दिक पटेल की अगुवाई वाले पाटीदार आंदोलन के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद 65 वर्षीय रूपाणी ने अगस्त 2016 में पहली बार मुख्यमंत्री का संभाला था। 2017 के चुनाव में भाजपा की जीत के बाद उन्हें दूसरी बार भी मुख्यमंत्री बनाया गया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिरकत वाले पाटीदार समाज के ही एक बड़े कार्यक्रम के बाद रूपाणी ने अचानक राज्यपाल आचार्य देवव्रत को इस्तीफा सौंप दिया। उस कार्यक्रम में राज्य के कई दिग्गज पाटीदार नेता मौजूद थे। वैसे रूपाणी को पद से हटाने की बातें पिछले कुछ समय से गुजरात में सुनी जा रही थीं, जो आज सच साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *