Fri. Jun 12th, 2026

मशहूर कवि/शाइर डॉ चेतन आनंद की एक ग़ज़ल … पहले तो होते थे केवल काले, नीले, पीले दिन …

डॉ चेतन आनंद
गाज़ियाबाद


————————————————————————

काले, नीले, पीले दिन

पहले तो होते थे केवल काले, नीले, पीले दिन,
हमने ही तो कर डाले हैं अब सारे ज़हरीले दिन।

माँ देती थी दूध-कटोरी, पिता डांट के सँग टॉफ़ी
बड़े हुए तो दूर हुए सब, मस्ती भरे रसीले दिन।

दिन की ख़ातिर रातें रोतीं आँखों में भर-भर आँसू
लेकिन पत्थर बने हुए हैं, निष्ठुर और हठीले दिन।

कुदरत की गर्दन पर आरे, वृक्ष कटे हैं रोज़ाना,
कोयल-गोरैया सब रूठीं, सिमटे सभी सुरीले दिन।

पंछी क्या रूठे, सूरज भी गुस्सा रोज़ दिखाता है,
उसने तहस-नहस कर डाले, देखो छैल-छबीले दिन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *