बैंक से कार के नाम पर लिया लाखों रुपया, नहीं ली कार, अब गिरफ्तार
देहरादून। स्टेट बैंक से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने के फरार आरोपी को बसंत विहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। धोखाधड़ी के दो आरोपी पहले से ही जेल में हैं।
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला (वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक) शाखा जीएमएस रोड देहरादून में वर्ष 2012 में कार ऋण के लिए 6 मामलों में फर्जी दस्तावेज के आधार पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी की गई। सभी मामलों में शुभ प्रीमियर धर्मपुर देहरादून से फर्जी कोटेशन तैयार की गई। केवाईसी फॉर्म के साथ अन्य फर्जी दस्तावेज बैंक में जमा कर 6 कार के लिए 31 लाख 95 हजार 175 रुपए हड़प लिए गए। बैंक ने नवम्बर 2019 में बसंत विहार थाने ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाए। मामले में आरोपी कृपाल सिंह निवासी दीपनगर कालोनी देहरादून और प्रदीप सकलानी निवासी टिहरी गढ़वाल को पुलिस ने उसी वक्त गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि, धोखाधड़ी में शामिल तीसरा आरोपी शूरवीर सिंह तोमर फरार हो गया। शूरवीर ने भी बैंक से 5 लाख रुपए का ऋण लिया था। साथ ही एक अन्य ऋण लेने वाले का गारण्टर बनकर भी बैंक के साथ धोखाधड़ी की। शूरवीर सिंह तोमर ने बैंक से लिए ऋण से कार नहीं खरीदी। वह 9 से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शूरवीर सिंह तोमर को विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
