इंस्पायर अवॉर्ड नामांकन में उत्तराखंड का परचम, टॉप पांच राज्यों में शामिल, 50 जिलों में टिहरी गढ़वाल 8वें पायदान पर
देहरादून। इंस्पायर अवॉर्ड योजना में उत्तराखंड ने परचम लहराया है। योजना के लिए नामांकन में उत्तराखंड टॉप पांच में शामिल हैं। वहीं, जनपद टिहरी गढ़वाल देशभर के 50 जनपदों में आठवें पर है। जबकि, उत्तराखंड का ही चमोली जनपद 16वें स्थान पर है। इसमें पहले स्थान पर चंडीगढ़ है। विदित है कि स्कूली शिक्षा ले रहे छात्र-छात्राओं की वैज्ञानिक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इंस्पायर अवॉर्ड प्रतियोगिता देश में कराई जाती है।
अपर शिक्षा निदेशक गढ़वाल एमएस बिष्ट ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से हर वर्ष इंस्पायर अवॉर्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।, इस साल 16 सितंबर तक हुए नामांकन में उत्तराखंड देश के शीर्ष 10 राज्यों में से पांचवें स्थान पर है, जबकि चंडीगढ़ पहले और बिहार दूसरे नंबर पर है। देश के शीर्ष 50 जनपदों में उत्तराखंड के कई जिलों ने स्थान पाया है। टिहरी गढ़वाल के आठ ब्लाकों के 681 स्कूलों के 2808 बच्चों ने, रुद्रप्रयाग के तीन ब्लाक के 259 स्कूलों के 1296 बच्चों ने, देहरादून के 6 ब्लाक के 286 स्कूलों के 1386 बच्चों ने, नैनीताल के आठ ब्लाक के 235 स्कूलों के 1170 बच्चों ने प्रतियोगिता के लिए नाम दर्ज कराया है।
विदेश जाने का भी मौका
सरकारी व निजी सभी स्कूलों के 6वीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चे (10 से 15 वर्ष ) प्रतिभाग कर सकते हैं । प्रतियोगिता के लिए नामांकन स्कूलों के माध्यम से किया जा सकता है। बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता में जिला स्तर पर मॉडल प्रदर्शनी लगाई जाती है, जहां से श्रेष्ठ मॉडल का चयन कर, इसे राज्य स्तर पर और राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाता है। प्रतियोगिता के कई छात्र छात्राओं को विदेश में जाने का भी मौका मिला है।
