Tue. Jun 2nd, 2026

सनी को वीरता पुरस्कार की सिफारिश, बाल आयोग ने परिषद के सचिव को लिखा पत्र

देहरादून। उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने 12 वर्षीय बालक सनी को वीरता पुरस्कार देने की सिफारिश की है। आयोग की अध्यक्ष उषा नेगी ने इस संबंध में उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद की सचिव को पत्र लिखा है।
सनी ने कल यानी रविवार को बहती नदी से एक व्यक्ति को बचाया था। नैनीताल जनपद के मोतीमहल रामनगर में निवासी रवि कश्यप ने मानसिक तनाव के चलते नदी में छलांग लगा ली थी। बरसात के चलते नदी में पानी बहुत अधिक था। वहां मौजूद लोग रवि कश्यप को बचाने के बजाय वीडियो बनाने लगे। इसी बीच अपनी जान की परवाह न करते हुए आठवीं कक्षा के छात्र सनी ने नदी में छलांग लगा दी। वह रवि को नदी में बहने से बचाकर किनारे ले आया। लोगों ने सनी के साहस की खूब तारीफ की। उषा नेगी ने बताया कि सनी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दूसरे की जान बचाई है। राज्य बाल कल्याण परिषद को सनी का नाम वीरता पुरस्कार के लिए भेजने की सिफारिश की गई है। परिषद को इस संबंध में नैनीताल के डीएम से रिपोर्ट प्राप्त कर कारवाई के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *