देहरादून में कार सहित बरसाती नाले में बहा व्यक्ति, कूदकर बचाई जान
देहरादून। सोमनाथ नगर डांडा लखौंड देहरादून में एक व्यक्ति कार सहित बरसाती नाले में बह गया। व्यक्ति ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, कार काफी दूर तक बह गई।
सोमवार को रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि सोमनाथ नगर डांडा लखोंड में एक व्यक्ति कार सहित नाले में बह गया है। थानाध्यक्ष रायपुर अमरजीत सिंह रावत तत्काल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर बहे व्यक्ति व कार की तलाश की गई। तेज बारिश के बीच ही थानाध्यक्ष रायपुर के नेतृत्व में बचाव के लिए अभियान चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान नाले में कुछ दूरी पर स्विफ्ट कार नाले के बीचोबीच पानी के तेज बहाव में फंसी दिखाई दी। पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से रस्सों के सहारे नाले के तेज बहाव में ही कार तक पहुंची। लेकिन कार में चालक नहीं था। कार चालक का कहीं भी पता नहीं चल पाया। इस पर पुलिस ने गाड़ी के नंबर से चालक के बारे में जानकारी ली। फोन नंबर पर संपर्क किया तो उसने बताया कि कार बहने पर वह कूदकर किनारे आ गया था। उक्त व्यक्ति की पहचान धनवीर सिंह निवासी नथुआवाला के रूप में हुई। धनवीर ने बताया कि अचानक पानी के तेज बहाव के कारण वह कार सहित नाले में बह गया था।
