Sun. Apr 19th, 2026

आज से शुरू होगी बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया

-मंगलवार (आज) को गणेश मंदिर के कपाट बंद होंगे। 17 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर में और 18 को खडग पुस्तक का पूजन होगा।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। पंच पूजाओं के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज (मंगलवार) से शुरू हो जाएगी। भगवान बदरी विशाल के अभिषेक के बाद मंदिर परिसर में स्थित गणेश मंदिर को शीतकाल में छह माह के लिए बंद आज कर दिया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होंगे।

मंगलवार को सबसे पहले गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। 17 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर में और 18 को खडग पुस्तक का पूजन होगा। इसी दिन वेद ऋचाओं का वाचन व पाठ बंद कर दिया जाएगा। 18 को माता लक्ष्मी की पूजा और आह्वान किया जाएगा और 20 नवंबर को शाम 6 बजकर 45 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद 21 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी, उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोली योग ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर पहुंचेगी।

उद्धव जी और कुबेर जी को योग ध्यान बदरी पांडुकेश्वर मंदिर में विराजमान किया जाएगा। 22 को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी को जोशीमठ में नृसिंह मंदिर में विराजमान किया जाएगा। इसके बाद पांडुकेश्वर व जोशीमठ में बदरीनाथ भगवान की शीतकालीन यात्रा शुरू होगी।

1,79235 तीर्थयात्रियों ने किए बदरीनाथ के दर्शन

बदरीनाथ धाम में सोमवार को 1395 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए। बदरीनाथ में इस वर्ष अब तक 1,79235 तीर्थयात्री भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *