खूनी बाइक बरामद, दो दिन पहले बल्ली वाला फ्लाईओवर में बाइक की टक्कर से हुई थी बच्चे की मौत
देहरादून। जीएमएस रोड पर बल्लीवाला फ्लाई ओवर के पास बच्चे को टक्कर मारने वाली खूनी बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है। हालांकि, आरोपी अभी भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है, वह फरार चल रहा है।
गौरतलब है कि गत 27 अगस्त को एक बाइक सवार ने राह चलते 12 वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी थी। हादसे में बच्चे की मौत हो गई थी। जबकि, बाइक सवार फरार हो गया था। बसंत विहार पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा खंगाले तो सामने आया कि पल्सर आरएस 200 बाइक नंबर यूपी 32 केजी-0864 ने बच्चे को टक्कर मारी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि उक्त नंबर की बाइक महारानी बाग फेज 2 में एक मकान के बाहर खड़ी है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बाइक सवार मूल रूप से लखनाऊ का रहने वाला है और सरकारी विभाग में काम करता है। बाइक सवार फरार चल रहा है, जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
