दादा की कमाई पर 12 वर्षीय पोते की ऐश, लाखों रुपए खुद भी उड़ाए दोस्तों को भी दिए
देहरादून। अकेलापन बच्चों के लिए घातक हो सकता है, उन्हें अनजाने में ही गलत रास्ते पर भी ले जा सकता है। अकेलेपन से जूझ रहे ऐसे ही एक बच्चे ने अपने दादा की कमाई पर खूब ऐश की। लाखों रुपए उसने खुद खर्च किए और दोस्तों को भी दिए। मामला खुलने पर पूरा परिवार सन्न रह गया।
मामला देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र का है। सातवीं में पढ़ने वाला बच्चा अपने व्यापारी दादा, दादी और पिता के साथ रहता है। उसकी मां इन सबसे अलग रहती है। उसके दादा और पिता रोज सुबह दुकान चले जाते हैं। दादी कुछ समय से बीमार है, मां साथ नहीं रहती। ऐसे में बच्चा दिनभर लगभग दिनभर अकेला ही रहता। व्यापारी होने के कारण घर में काफी रुपया था। बच्चा रोज अलमारी से रुपए निकाल कर दोस्तों के साथ मौज करता रहा। दादा को अलमारी से रकम गायब मिली, तो संदेह होने पर उन्होंने पोते से पूछताछ की। पहले तो बच्चे ने मना कर दिया। डांटने पर डर के मारे कुछ बातें बता दी। लेकिन, जब मामला पुलिस तक पहुंचा तो उसने सारा राज खोल दिया।
महंगे फोन खरीदे, दोस्त को स्कूटर के लिए दिए रुपए
बच्चे ने चार महंगे मोबाइल दोस्तों के साथ मिलकर खरीदे, जो उसने घर में छुपाकर रखे हुए थे। अपने एक दोस्त को उसने स्कूटर खरीदने के लिए रुपए दिए। एक लैपटाॅप खरीदा, जो उसके दोस्त के पास है। कई और सामान भी बच्चे ने खरीदा। परिजनों के मुताबिक बच्चे ने 4 लाख रुपए खर्च किए हैं।
