प्रशासन ने चिह्नित किए 1611 बुजुर्ग, नवंबर से से मिलेगी पेंशन
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीएम डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जनपद में पात्र बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निकायों, तहसीलों, विकासखंडों व ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र बुजुर्गों का चिन्हीकरण किया जा रहा है।
शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) देहरादून। जिला प्रशासन की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत जुलाई से सितंबर तक 1611 वृद्ध चिह्नित किए गए हैं, इन्हें नवंबर से पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी।
समाज कल्याण विभाग नवंबर के पहले सप्ताह में वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेगा। पात्र बुजुर्गों को 1500 प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है। निर्धारित पात्रता के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को 1500 प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन मिलती है। पात्रता पूरी होने पर पति-पत्नी दोनों को पेंशन का लाभ मिलने की स्थिति में परिवार को 3000 प्रतिमाह बैंक खाते के माध्यम से मिलते हैं।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा किसी पात्र व्यक्ति पर उपकार नहीं, बल्कि उसका अधिकार है। एक-एक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजना का समयबद्ध लाभ पंहुचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र भ्रमण व सर्वे के दौरान पात्र बुजुर्गों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ें। आवेदन व दस्तावेजी प्रक्रिया में उन्हें सहयोग दें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र बुजुर्ग का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।
पेंशन उपकार नहीं बल्कि यह अधिकार है…
डीएम चौहान ने कहा कि वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा किसी पात्र व्यक्ति पर उपकार नहीं, बल्कि उसका अधिकार है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र बुजुर्ग तक शासन की पेंशन व अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में संवेदनशीलता व मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें।

