विवादित विधायक को भाजपा ने थमाया नोटिस, विधायक ने अपने नाम के साथ जुड़वाया था चमार साहेब
देहरादून। निरंतर विवादों में रहने वाले भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल को पार्टी ने अनुशासनहीनता का नोटिस थमा दिया है। कर्णवाल से 15 दिन में जवाब मांगा गया है।
कर्णवाल पर आरोप है कि कुछ समय से वह कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व अशोभनीय व्यवहार कर रहे हैं। साथ ही पार्टी के बजाय व्यक्तिगत संगठन को तवज्जो दे रहे हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने विधायक कर्णवाल के व्यवहार और काम को गंभीरता से लिया है। उनके कृत्य को अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया। भगत के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी कुलदीप कुमार ने कर्णवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विधायक से 15 दिन में नोटिस का लिखित जवाब देने को कहा गया है। यदि उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी डॉ देवेंद्र भसीन ने बताया कि झबरेडा से भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल की शिकायत आ रही थी कि वह कार्यकर्ताओं से अभद्र व अशोभनीय व्यवहार कर रहे हैं। इस पर उन्हें नोटिस दिया गया है।
गौरतलब है कि कर्णवाल का पार्टी के ही दूसरे विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन से भी लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों के विवाद के कारण पार्टी को कई बार असामान्य स्थितियों का सामना करना पड़ा। पार्टी की कई बार बीच बचाव करना पड़ा, इससे पदाधिकारियों को कई बार असहज स्थिति का सामना भी करना पड़ा। पिछले दिनों कर्णवाल ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र देकर अपना नाम भी संशोधित करवाया था। उन्होंने अपने नाम के आगे चमार शब्द जुड़वाकर नाम विधायक देशराज कर्णवाल चमार साहेब करवा दिया था।
