उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: कांग्रेस को मिलेंगी 48 सीटें
-हरीश रावत ने कहा कि मतदान के बाद मैं कह सकता हूं कि कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उत्तराखंड की जनता ने परिवर्तन के लिए वोट दिया है। कांग्रेस को करीब 48 सीटें मिलेंगी। रावत ने कहा कि या तो मैं मुख्यमंत्री बनूंगा या घर बैठूंगा।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। उत्तराखंड में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने वादों को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। हम वादों को पूरा करेंगे।
प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए रावत ने कहा कि हमें विश्वास है कि आपका मत उत्तराखंड में लोकतंत्र को मजबूत करेगा। यहां के विकास को नई बुलंदियों की तरफ लेकर के जाएगा और राज्य को एक आधुनिक जन-कल्याणकारी राज्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा।
रावत ने कहा कि कांग्रेस अपने वादों के लिए आपसे वचनबद्ध है, हम उन वादों को प्राण-प्रण से पूरा करेंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को भी चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया। सभी चुनाव कर्मियों और निर्वाचन आयोग को भी मतदान प्रक्रिया को सुचारु संपन्न करने के लिए बधाई दी है।
