मुख्यमंत्री के न्यौते पर चर्चा के लिए पहुंचे राज्य आंदोलनकारी, तीरथ ने कहा, जरूर कुछ करेंगे
राज्य आंदोलनकरी मंच को मुख्यमंत्री ने दिया था वार्ता का न्यौता। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न बिंदुओं पर की बात।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से विभिन्न बिंदुओं पर बात की। मुख्यमंत्री मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के लिए अवश्य कुछ करेंगे। कोरोना महामारी की वजह से कुछ देरी हुई है़। प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री की ओर से न्यौता मिलने पर वार्ता के लिए गया।
राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सभी मुद्दों पर बिन्दुवार चर्चा की। मंच के अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि मुजफ्फरनगर काण्ड के दोषियों की सही पैरवी के लिए सरकार अधिवक्ताओं का पैनल बनाए या राज्य आंदोलनकारी मंच को कोर्ट में पैरोकारी के लिए आर्थिक सहयोग करे।
-राज्य आंदोलनकारी परिवार को 10% शिथिलीकरण (क्षैतिज आरक्षण) की सुविधा प्रदान की जाए।
-चिन्हीकरण के लम्बित मामले के लिए पुनः व्यवस्था प्रारम्भ की जाय।
– राज्य आन्दोलनकारियो की समान पेंशन कर वृद्धि की जाय व आश्रितों का शासनादेश शीघ्र जारी किया जाय।
-खटीमा के साथ पौड़ी और बागेश्वर के चिन्हित आन्दोलनकारियो की सूची को तत्काल जारी कर सभी सुविधाएं प्रदान की जाय।
प्रदीप कुकरेती ने कहा कि पिछले 6 वर्षो से आंदोलनकारी एक्ट की फाइल राजभवन ने दबाकर रखी हुई है़। नौजवान उम्रदराज हो गये। साथ ही समूह ग में रोजगार कार्यालय की अनिवार्यता की जाय, जिससे उत्तराखण्ड के बेरोजगारो को अवसर मिले।
वेद प्रकाश शर्मा ने मुख्यमन्त्री से मांग की कि सम्मान परिषद का शीघ्र गठन किया जाय। चिन्हीकरण कमेटी व पेंशन पट्टा जारी किया जाय।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि परिसीमन भविष्य में क्षेत्रफल के आधार पर हो और सरकार लोकायुक्त का गठन करे। स्थाई राजधानी गैरसैण अविलंब घोषित हो।
मुख्यमंत्री से ऋषिकेश में क्षतिग्रस्त हुए शहीद स्मारक के लिए इन्द्रमणी बडोनी हाल के शीघ्र हस्तांतरण का शासनादेश जारी कर दिया जाय ताकि इन्द्रमणी बडोनी की प्रतिमा को पुनः स्थापित कर, आगामी एक सितंबर खटीमा दिवस पर श्रद्धांजलि सभा की जा सके।
वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, जिला अध्यक्ष प्रदीप कुकरेती, संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा व चन्द्र किरण मौजूद रहे।
