Thu. Apr 23rd, 2026

हरीश रावत के करीबी रहे रणजीत रावत का आरोप, टिकिट के नाम पर हरीश ने बटोरा रुपया

-रणजीत ने दावा किया कि टिकट को लेकर रुपये लेने के मामले कुछ ही दिनों बाद सामने आने लगेंगे।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कभी करीबी रहे कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत ने हरीश रावत पर विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर बड़ी रकम इकट्ठा करने का आरोप लगाया है। कहा कि हरीश की वजह से ही कांग्रेस रामनगर, सल्ट और लालकुआं सीट हारी। आरोप लगाया कि टिकट दिलाने को लेकर हरीश ने लोगों से रुपये लिए। टिकट न मिलने पर कइयों के रुपये हरीश के मैनेजर वापस कर चुके हैं। जबकि, कुछ लोग इनके चक्कर लगा रहे हैं।

रणजीत रावत ने सोमवार को मीडिया को दिए बयान में कहा कि 2017 में हरीश रावत के कहने पर वह रामनगर से चुनाव लड़े थे। पांच साल की उनकी मेहनत के बाद हरीश रावत ने रामनगर से चुनाव लड़ने की मंशा जता दी। कहने लगे कि तुम सल्ट चले जाओ। मैंने कहा कि मैं फुटबॉल नहीं हूं। पहले आपने कहा कि रामनगर चले जाओ, अब कह रहे हो सल्ट चले जाओ।

साथियों के पार्टी का वास्ता देने से मैं सल्ट चला गया। लेकिन, यह फैसला मेरी राजनीतिक भूल थी। मुझे रामनगर से ही चुनाव लड़ना चाहिए था। रणजीत ने दावा किया कि टिकट को लेकर रुपये लेने के मामले कुछ ही दिनों बाद सामने आने लगेंगे। रणजीत ने कहा, एक साल पहले उन्होंने कहा था कि हरीश रावत की मनोदशा ठीक नहीं है। आज वह फिर वही बयान दोहरा रहे हैं। हरीश रावत की मनोदशा अब भी ठीक नहीं है। उन्हें आराम की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *