Thu. Apr 23rd, 2026

कंगना रनौत का ऑफिस तोड़ने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी नाराज, केंद्र सरकार को देंगे रिपोर्ट

शब्द रथ न्यूज। मुंबई में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत का ऑफिस तोड़ने पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अजॉय मेहता को तलब किया और अपनी भावनाओं से अवगत कराया। कोश्यारी पूरे कंगना मामले में केंद्र सरकार को रिपोर्ट देने की तैयारी में हैं।
कंगना रनौत के ऑफिस पर बुलडोजर चलाने के बाद देशभर में उद्धव ठाकरे सरकार की आलोचना हो रही है। सरकार में सहयोगी एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी बीएमसी की कार्रवाई को गैरजरूरी बताया।

हिमाचल के मुख्यमंत्री कंगना के समर्थन में उतरे

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कंगना के समर्थन में उतर गए हैं।ठाकुर ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि हम हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते। महाराष्ट्र सरकार ने हिमाचल की बेटी के साथ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है। सरकार का कृत्य अत्यंत चिंताजनक व निंदनीय है। ह्मचक सरकार और देश की जनता इस घटनाक्रम में हिमाचल की बेटी कंगना के साथ खड़ी है।

देशभर में महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

कंगना रनौत का ऑफ़िस तोड़ने के खिलाफ देशभर के लोगों में रोष है। महाराष्ट्र सरकार की लोग जमकर आलोचना कर रहे हैं। लोगों में इतना आक्रोश है कि कई राज्यों में उद्धव ठाकरे के पुतले जलाए जा रहे हैं।

उद्धव ठाकरे तुम कुछ नहीं, वंशवाद का नमूना हो: कंगना

कंगना महाराष्ट्र सरकार और उद्धव को ट्वीट के माध्यम से जवाब दे रहीं हैं। गुरुवार को ट्वीट कर कंगना ने कहा कि तुम्हारे पिताजी के अच्छे कर्म तुम्हें दौलत तो दे सकते हैं। लेकिन, सम्मान तुम्हें खुद कमाना पड़ता है। मेरा मुंह बंद करोगे, मगर मेरी आवाज मेरे बाद पहले सौ फिर लाखों में गूंजेगी, कितने मुंह बंद करोगे? कितनी आवाजें दबाओगे? कब तक सच्चाई से भागोगे तुम कुछ नहीं हो, सिर्फ वंशवाद का एक नमूना हो।’

मेरा घर गुंडों ने तोड़ा, उन्हें सिविक बॉडी मत कहो

एक और ट्वीट कर कंगना ने उद्धव ठाकरे पर वार करते हुए कहा कि जिस विचारधारा पर श्री बाला साहेब ठाकरे ने शिवसेना का निर्माण किया था। सत्ता के लिए वो उसी विचारधारा को बेचकर शिवसेना से सोनिया सेना बन चुकी है, जिन गुंडों ने मेरे पीछे से मेरा घर तोड़ा, उनको सिविक बॉडी मत बोलो, संविधान का इतना बड़ा अपमान मत करो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *